
नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मुलाकात को बेहद सफल बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार विवाद जल्द खत्म होने वाला है। बातचीत के सफल परिणामों से उत्साहित ट्रंप ने अमेरिकी किसानों को तुरंत ज्यादा जमीन और बड़े ट्रैक्टर खरीदने की सलाह दे डाली।
ट्रंप ने यह टिप्पणी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर की, जहां उन्होंने चीन के साथ बातचीत को “बहुत शानदार” बताया। ट्रंप ने दावा किया कि बीजिंग ने सोयाबीन, सोरघम और अन्य कृषि उत्पादों पर लगे प्रतिबंध हटाने पर सहमति जताई है।
अमेरिका दुनिया में सोयाबीन का सबसे बड़ा निर्यातक है और इसका लगभग आधा निर्यात चीन को जाता है। पिछले महीनों में चीन ने अमेरिकी सोयाबीन खरीदना बंद कर दिया था, जिससे अमेरिकी किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा और सरकार किसानों के लिए बड़े राहत पैकेज पर विचार कर रही थी।
ट्रंप ने कहा,
“राष्ट्रपति शी के साथ मेरी बहुत शानदार बैठक हुई। दोनों देशों के बीच सम्मान और बढ़ गया है। हमने कई मुद्दों पर सहमति हासिल की है, और जो बचे हैं, वे भी जल्द सुलझ जाएंगे।”
उन्होंने आगे लिखा,
“मैं फिर कह रहा हूं—किसान तैयार रहें। ज्यादा जमीन खरीदें, बड़े ट्रैक्टर खरीदें। अमेरिकी किसान बहुत खुश होंगे!”
दुर्लभ खनिज और फेंटानिल पर भी समझौता
ट्रंप ने यह भी बताया कि चीन ने अमेरिका के साथ मिलकर फेंटानिल तस्करी रोकने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, बीजिंग रेयर अर्थ, क्रिटिकल मिनरल्स और मैग्नेट्स के निर्यात पर किसी तरह की रोक नहीं लगाएगा। ये खनिज इलेक्ट्रॉनिक्स, कारों और सैन्य तकनीक में बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
ट्रंप ने कहा कि यह समझौता अमेरिका-चीन रिश्तों को एक नई दिशा देगा और दोनों देशों के लिए फायदेमंद सिद्ध होगा।





