
लंदन। इंग्लैंड की फ्रेंचाइज़ क्रिकेट लीग ‘द हंड्रेड’ मार्च 2026 में अपना पहला खिलाड़ी नीलामी आयोजित करेगी। यह बदलाव लीग के छठे सीजन से लागू होगा। आयोजकों ने बताया कि टीम संरचना, वेतन और अनुबंध प्रणाली में बड़े बदलाव किए गए हैं, जिन पर सभी आठ टीमों, पीसीए और ईसीबी प्रतिनिधियों ने सहमति दी है।
नई व्यवस्था के तहत टीमों में अब 16 से 18 खिलाड़ी होंगे और चार विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करने की अनुमति होगी। कोई निश्चित वेतन स्लैब नहीं होगा, बल्कि टीमें नीलामी में खिलाड़ी के लिए अपनी बोली स्वयं तय करेंगी। साथ ही न्यूनतम खर्च सीमा और बहुवर्षीय अनुबंध प्रणाली भी लागू की जाएगी।
2026 से पुरुष खिलाड़ियों का कुल वेतन बजट 45% बढ़कर प्रति टीम 2.05 मिलियन पाउंड होगा। वहीं महिला खिलाड़ियों के वेतन में 100% की वृद्धि के साथ यह बजट 8.8 लाख पाउंड प्रति टीम हो जाएगा। महिला खिलाड़ियों का न्यूनतम वेतन भी 50% बढ़कर 15,000 पाउंड तय किया गया है।
टीमें नीलामी से पहले नवंबर से जनवरी के बीच अधिकतम चार खिलाड़ियों को सीधे अनुबंधित कर सकेंगी। इसमें अधिकतम दो इंग्लैंड सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टेड और दो विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे। टीमों को खिलाड़ियों की संख्या के अनुसार अपने वेतन पर्स में कटौती करनी होगी। साथ ही लीग में वाइल्डकार्ड ड्राफ्ट भी जारी रहेगा।
द हंड्रेड के प्रबंध निदेशक विक्रम बनर्जी ने कहा कि ये बदलाव लीग को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएंगे और दुनिया के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को आकर्षित करने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि नीलामी मॉडल अपनाना ब्रिटेन के खेल इतिहास में एक बड़ा कदम है और इससे पुरुष व महिला क्रिकेट दोनों में सकारात्मक बदलाव आएंगे।





