
15 मई 2025 को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बाजार लाल निशान में था और लंबे समय तक गिरावट में ही ट्रेड करता रहा। हालांकि दोपहर 1 बजे के बाद बाजार में रफ्तार आई और तेजी का यह सिलसिला बाजार बंद होने तक जारी रहा। दिन के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1200.18 अंकों (1.48%) की जोरदार बढ़त के साथ 82,530.74 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 395.20 अंकों (1.60%) की बढ़त के साथ 25,062.10 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए, जबकि सिर्फ एक शेयर में गिरावट देखी गई। वहीं निफ्टी 50 की 50 में से 49 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही और एक शेयर नुकसान के साथ बंद हुआ। टाटा मोटर्स का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा, जिसके शेयरों में 4.16 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, इंडसइंड बैंक के शेयर 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
अन्य प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज (3.37%), अडाणी पोर्ट्स (2.60%), एटरनल (2.36%), मारुति सुजुकी (2.17%), रिलायंस इंडस्ट्रीज (2.07%), एशियन पेंट्स (2.04%), आईसीआईसीआई बैंक (1.88%), अल्ट्राटेक सीमेंट (1.62%) और भारती एयरटेल (1.61%) शामिल रहे।
इसके अलावा टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, इंफोसिस, एलएंडटी, पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, एसबीआई, एनटीपीसी, टीसीएस, नेस्ले इंडिया, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। कुल मिलाकर आज का दिन निवेशकों के लिए लाभदायक साबित हुआ और बाजार सकारात्मक संकेतों के साथ बंद हुआ।






