
नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने एक बार फिर भारतीय क्रिकेट इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद रोहित पहली बार आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं।
38 साल की उम्र में इस मुकाम तक पहुंचने वाले रोहित दुनिया के सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया हो।
एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 73 रन की जिम्मेदार पारी खेलने के बाद सिडनी में नाबाद 121 रन की मैच-विनिंग पारी ने रोहित को रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़ाते हुए नंबर-1 बना दिया।
33 वनडे शतकों के मालिक हिटमैन रोहित शर्मा ने तीसरे वनडे में विराट कोहली (74) के साथ अटूट साझेदारी* करते हुए भारत को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई थी। हालांकि, टीम इंडिया सीरीज़ अपने नाम नहीं कर सकी, लेकिन रोहित का प्रदर्शन शानदार रहा।
रोहित ने इस उपलब्धि के साथ अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और भारतीय साथी शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया। पिछले एक दशक में वह लगभग पूरे समय टॉप 10 बल्लेबाजों की सूची में शामिल रहे हैं, लेकिन नंबर-1 का ताज उन्हें अब जाकर मिला है।





