
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार, 15 मई 2025 को बिहार के दरभंगा पहुंचे, जहां उन्होंने अंबेडकर छात्रावास का दौरा किया। खास बात ये रही कि प्रशासन ने उन्हें यहां जाने की अनुमति नहीं दी थी, बावजूद इसके वे पैदल ही छात्रावास पहुंच गए और वहां मौजूद छात्रों व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
“कोई शक्ति मुझे रोक नहीं सकती” — राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “प्रशासन ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन मैं पीछे के रास्ते से यहां आ गया। कोई ताकत मुझे छात्रों से मिलने से नहीं रोक सकती।”
उन्होंने दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा और आदिवासी वर्ग के युवाओं के अधिकारों की बात करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि इन वर्गों को शिक्षा में रोका जाता है, पेपर लीक करवा कर उनके भविष्य से खिलवाड़ किया जाता है।
“मोदी सरकार अडानी-अंबानी की सरकार है”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमने संसद में प्रधानमंत्री से कहा कि जाति जनगणना करानी पड़ेगी। डर के मारे उन्होंने इसकी घोषणा तो कर दी, लेकिन वो और उनकी सरकार इसके खिलाफ हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि ये सरकार संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है और अडानी-अंबानी की सरकार बनकर रह गई है।
“हमारी तीन अहम मांगें हैं…” — राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में तीन प्रमुख मांगें रखीं:
- सही तरीके से जाति जनगणना हो, जैसी कांग्रेस सरकार ने तेलंगाना में की है।
- प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी में आरक्षण लागू हो, जो कानून के मुताबिक है, लेकिन मोदी सरकार और बिहार सरकार लागू नहीं कर रही।
- SC/ST वर्ग के लिए निर्धारित फंड पूरी तरह से उन्हें मिले, जो उनका हक है और अक्सर रोका जाता है।
उन्होंने कहा, “आप 90% हैं, अपनी ताकत को पहचानिए। आपको डराकर, दबाकर, इधर-उधर कर रोका जाता है। लेकिन अब नहीं। मैंने पुलिस की रोक को पार किया, क्योंकि आपकी शक्ति मेरे साथ है। जब जनता साथ हो, तो दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।”
राहुल गांधी का यह दौरा आगामी चुनावों से पहले राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, जहां वे वंचित वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं प्रशासन की रोक के बावजूद छात्रावास में घुस जाना और खुलकर पीएम मोदी पर निशाना साधना, उनकी राजनीतिक आक्रामकता को दर्शाता है।





