
टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा की संभावित रिटायरमेंट के बाद अब यह सवाल चर्चा में है कि अगला टेस्ट कप्तान कौन होगा? जहां कुछ रिपोर्ट्स में शुभमन गिल का नाम सामने आ रहा है, वहीं भारत के पूर्व कोच लालचंद राजपूत ने गिल को कप्तान बनाए जाने का विरोध किया है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सबसे उपयुक्त विकल्प बताया है।
लालचंद राजपूत ने PTI से बातचीत में कहा कि जब भी रोहित टेस्ट टीम में नहीं होते, बुमराह ने कप्तानी की है। फिलहाल वे उपकप्तान भी हैं और उनके पास अनुभव भी है। राजपूत के अनुसार, “बुमराह ने पिछली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इंग्लैंड के खिलाफ भी कप्तानी की थी। वह इस युवा टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं और पहले भी कप्तान के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं।”
उन्होंने सुझाव दिया कि इंग्लैंड दौरे पर बुमराह को कप्तान और शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया जाना चाहिए। इससे गिल को भविष्य के लिए जरूरी अनुभव मिलेगा।
विराट कोहली की भी अटकलें
वहीं दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि विराट कोहली जल्द ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। हालांकि, इस पर कोहली की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अगर कोहली भी रोहित के बाद टेस्ट से विदा लेते हैं, तो इंग्लैंड जैसी कठिन सीरीज में भारतीय टीम के लिए यह एक बड़ी चुनौती हो सकती है।
गौरतलब है कि लालचंद राजपूत फिलहाल यूएई क्रिकेट टीम के हेड कोच हैं, और भारतीय क्रिकेट को लेकर उनके सुझाव अक्सर चर्चा में रहते हैं।







