
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि भारत ने अमेरिका को ज़ीरो टैरिफ ट्रेड डील का प्रस्ताव दिया है। ट्रंप का कहना है कि भारत में अमेरिकी सामान बेचना काफी मुश्किल है, लेकिन अब भारत ज़ीरो टैरिफ पर व्यापार समझौता करने को तैयार है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने गुरुवार को कहा, “भारत में कारोबार करना आसान नहीं है, लेकिन उन्होंने हमें ज़ीरो टैरिफ ट्रेड डील का ऑफर दिया है।” ट्रंप ने इससे पहले 9 अप्रैल को लिबरेशन डे के मौके पर भारत समेत कई देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जिसके तहत भारत पर अमेरिका ने 26 प्रतिशत का टैरिफ लगाया था। इसके चलते दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ गया था। इसके जवाब में भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर बातचीत तेज कर दी थी।
भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर भी जताई थी भूमिका
ट्रंप इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम (सीजफायर) को लेकर भी दावा कर चुके हैं। उनका कहना था कि भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने आक्रामक रुख अपनाया और ड्रोन व मिसाइल से हमले की कोशिश की। भारत ने इसका करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान ट्रंप ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की बातचीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
ट्रंप के ये दोनों दावे — ज़ीरो टैरिफ डील और सीजफायर में मध्यस्थता — एक बार फिर चर्चा में हैं और इससे भारत-अमेरिका रिश्तों पर वैश्विक नजरें टिक गई हैं।







