
मुंबई, 29 अक्टूबर। इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले ही प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। देश-विदेश से पहुंचे प्रतिनिधियों ने कहा कि पीएम मोदी का विजन भारत के समुद्री उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
सिंगापुर से आए प्रतिभागी चैतन्य ने कहा, “यह आयोजन बेहद भव्य है और पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। पीएम मोदी का संबोधन युवाओं और इंडस्ट्री दोनों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।”
वहीं, कैप्टन इंद्रवीर सोलंकी ने कहा कि मैरिटाइम सेक्टर सौभाग्यशाली है कि प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी पहली बार इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट को ग्लोबल मैप पर लाने जा रहे हैं। शिपबिल्डिंग सेक्टर में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।”
कैप्टन सुदर्शन ने कहा कि इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 इस बार खास होने वाला है क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री मोदी खुद मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा, “उनकी उपस्थिति से यह आयोजन और भी ऐतिहासिक बन जाएगा।”
प्रधानमंत्री मोदी न केवल ‘मैरिटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव’ को संबोधित करेंगे बल्कि ‘ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम’ की भी अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वे भारत के समुद्री क्षेत्र में किए गए सुधारों और भविष्य की रणनीतियों पर प्रकाश डालेंगे।
इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 एक अंतरराष्ट्रीय मंच है, जो दुनिया भर के मैरिटाइम एक्सपर्ट्स, इनोवेटर्स और लीडर्स को एकजुट करता है। यह आयोजन समुद्री तकनीक में नवीनतम प्रगति को प्रदर्शित करता है और इंडस्ट्री के बीच सहयोग को बढ़ावा देता है।
पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा था —
“मैं मुंबई में चल रहे इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं। मैं मैरिटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करूंगा और ग्लोबल मैरिटाइम सीईओ फोरम की अध्यक्षता भी करूंगा। यह आयोजन भारत के सुधारों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को उजागर करने का शानदार अवसर है।”





