
नई दिल्ली – भारत ने तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Celebi Airport Services India Pvt. Ltd.) को बड़ा झटका देते हुए सुरक्षा मंजूरी (Security Clearance) तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए की गई है। अब यह कंपनी भारत के किसी भी एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं नहीं दे सकेगी।
BCAS ने जारी किया आदेश
नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि
“सेलेबी को 21 नवंबर 2022 को जारी सुरक्षा मंजूरी को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। यह फैसला BCAS के महानिदेशक द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में लिया गया है।”
क्यों हुई कार्रवाई?
सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला पाकिस्तान समर्थित आतंकी गतिविधियों और उसमें तुर्की के कथित समर्थन को लेकर भारत की सख्त प्रतिक्रिया का हिस्सा है। हाल ही में भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकियों के खिलाफ करारा प्रहार किया, जिस पर पाकिस्तान ने पलटवार की कोशिश की। रिपोर्ट्स के अनुसार, तुर्की ने पाकिस्तान को ड्रोन और तकनीकी मदद दी, जिससे भारत नाराज़ है।
भारत में तुर्की के बहिष्कार की उठी मांग
पाकिस्तान के प्रति तुर्की के खुले समर्थन के बाद देशभर में तुर्की के बहिष्कार की आवाज़ें तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर #BoycottTurkey ट्रेंड कर रहा है। यह फैसला इसी जनभावना और राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए लिया गया है।
क्या है सेलेबी कंपनी?
Celebi Airport Services तुर्की की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है जो भारत के दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद सहित कई बड़े हवाई अड्डों पर बैगेज हैंडलिंग, रैंप सेवाएं और कार्गो संचालन का कार्य कर रही थी। सुरक्षा मंजूरी रद्द होने के बाद अब यह कंपनी भारत के किसी भी हवाई अड्डे पर ऑपरेट नहीं कर पाएगी।
भारत ने यह कदम स्पष्ट रूप से एक कड़ा रणनीतिक संदेश देने के लिए उठाया है कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है। अब अन्य विदेशी कंपनियों और सरकारों को भी भारत के रुख को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है।





