
नई दिल्ली। भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले गए दूसरे टी20 मैच में 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही शिवम दुबे का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ‘अजेय’ रिकॉर्ड टूट गया।
2019 से 2025 के बीच दुबे की मौजूदगी में भारत ने लगातार 37 टी20 मैचों में हार नहीं देखी थी। इन मैचों में भारत ने टी20 विश्व कप 2024 और एशिया कप 2025 जैसे बड़े खिताब भी जीते। इनमें टीम ने 34 मैच जीते और तीन मैच बिना परिणाम रहे।
मेलबर्न टी20 में दुबे ने 2 गेंद पर 4 रन बनाए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। बुमराह का भी लगातार 24 मैचों में जीत का सिलसिला इस हार के साथ टूट गया।
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 18.4 ओवर में 125 रन पर रोक दिया। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 68 और हर्षित राणा ने 35 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में 6 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान मिशेल मार्श ने 26 गेंद में 46 रन बनाए, जबकि जोश हेजलवुड ने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लेते हुए प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार जीता।





