
मुंबई। बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान इस साल अपना 60वां जन्मदिन मनाने वाले हैं और इससे पहले उन्होंने फैंस के लिए खास सरप्राइज दिया है। शाहरुख ने अपने करियर की चुनिंदा सुपरहिट फिल्मों को बड़े पर्दे पर फिर से दिखाने के लिए एक फिल्म फेस्टिवल की घोषणा की है।
शुक्रवार को शाहरुख ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि ‘शाहरुख खान फिल्म फेस्टिवल’ देशभर के चुनिंदा पीवीआर और आईनॉक्स सिनेमाघरों में शुरू हो गया है। उन्होंने कहा, “मुझे कौन मानता है या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ता… जब तक सिनेमा, कैमरा और प्यार बना रहे।”
इस फेस्टिवल में शाहरुख की कई हिट फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें शामिल हैं:
- कभी हां कभी ना
- दिल से
- देवदास
- मैं हूं ना
- ओम शांति ओम
- चेन्नई एक्सप्रेस
- जवान
इन फिल्मों को भारत के 30 से ज्यादा शहरों के 75+ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। साथ ही, यह फेस्टिवल मध्य पूर्व, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी आयोजित होगा।
शाहरुख खान का यह फिल्म फेस्टिवल दो हफ्ते तक चलेगा और यह उनके शानदार फिल्मी सफर को सेलिब्रेट करने के लिए आयोजित किया गया है।





