
नई दिल्ली। देश के युवाओं को जोड़ने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदारी देने के उद्देश्य से शुरू किया गया केंद्र सरकार का प्लेटफॉर्म ‘माई भारत’ अब देश का सबसे बड़ा डिजिटल यूथ प्लेटफॉर्म बन गया है।
सरकार के अनुसार, शुरू हुए अभी दो साल भी नहीं हुए हैं और इस प्लेटफॉर्म से 2 करोड़ से अधिक युवा और 1.20 लाख से ज्यादा संगठन जुड़ चुके हैं।
‘माई भारत’ पोर्टल युवाओं को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, डिजिटल आईडी, अवसरों की जानकारी और उनके काम के प्रभाव को देखने की सुविधा देता है। यहां 14.5 लाख से ज्यादा वॉलंटियरिंग अवसर उपलब्ध हैं और इससे 16,000 युवा क्लब और 60,000 से अधिक संस्थान जुड़े हैं, जिनमें सरकारी विभाग, स्कूल, कॉलेज और एनजीओ शामिल हैं।
युवाओं को और आसानी से जोड़ने के लिए सरकार ने इस महीने ‘माई भारत’ मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है, जिसमें वही सुविधाएं हैं जो पोर्टल पर मिलती हैं।
यह प्लेटफॉर्म युवाओं को सेवा, नेतृत्व और कौशल विकास के अवसर देता है। इसके लिए कई बड़े समझौते भी हुए हैं।
30 जून 2025 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के साथ साझेदारी की, जिसमें माई भारत 2.0 बनाने की तैयारी शुरू हुई।
‘माई भारत 2.0’ एक एआई आधारित आधुनिक प्लेटफॉर्म होगा, जिसमें मल्टीलिंग्वल सपोर्ट, वॉइस नेविगेशन, मेंटॉरशिप और अनुभव आधारित लर्निंग जैसे फीचर्स होंगे।
13 अगस्त 2025 को एक और समझौता हुआ, जिसके तहत अगले तीन साल में 1 लाख युवा नेताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी।
भविष्य में इस प्लेटफॉर्म पर करियर काउंसलिंग, एआई आधारित स्किल टेस्टिंग, स्टार्टअप सपोर्ट और डिजिटल सर्टिफिकेट जैसी सुविधाएं जोड़कर इसे ग्लोबल साउथ का सबसे बड़ा युवा नेटवर्क बनाने की योजना है।




