
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में जगह बना ली है। मैच की नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिग्स, जिन्होंने नाबाद 127 रन की लाजवाब पारी खेलते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई।
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए इस मुकाबले में भारत को 339 रन का लक्ष्य मिला था। शुरुआत में भारतीय टीम दबाव में आ गई, जब 59 रन पर शेफाली वर्मा (10) और स्मृति मंधाना (24) आउट हो गईं।
इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार वापसी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत 89 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन उन्होंने टीम की नींव मजबूत कर दी।
दीप्ति शर्मा (24), ऋचा घोष (26) और अमनजोत कौर (15 नाबाद) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि जेमिमा ने 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से नाबाद 127 रन जड़ते हुए भारत को 48.3 ओवर में 341 रन तक पहुंचा दिया। यह महिला वनडे इतिहास में सबसे बड़े लक्ष्य का सफल चेज़ भी बन गया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और फोएबे लिचफिल्ड के 119 रन की पारी की बदौलत 338 रन बनाए। एलिसे पेरी ने 77 और एश्ले गार्डनर ने ताबड़तोड़ 63 रन जोड़े। भारत की ओर से श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव को 1-1 सफलता मिली। तीन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रन आउट हुईं।
इस शानदार जीत के बाद भारतीय टीम अब 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल खेलेगी।





