
नई दिल्ली। पॉपुलर राजनीतिक ड्रामा वेब सीरीज ‘महारानी’ जल्द ही अपने चौथे सीजन के साथ लौट रही है। पिछले तीन सीजनों में दर्शकों ने बिहार की राजनीति और सत्ता के खेल की दुनिया को खूब पसंद किया था। अब फैंस ‘महारानी 4’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इस सीरीज में एक बार फिर हुमा कुरैशी मुख्य भूमिका निभाएंगी और ‘रानी भारती’ के किरदार में दिखेंगी। हुमा शुरुआत से ही इस शो का हिस्सा रही हैं। उन्होंने कहा कि ननिहाल के बाद उन्होंने सबसे ज्यादा समय ‘महारानी’ के सेट पर ही बिताया है।
एक इंटरव्यू में हुमा ने बताया कि ‘महारानी’ भले ही राजनीति से प्रेरित हो, लेकिन यह एक काल्पनिक कहानी है। इसमें राजनीति के साथ-साथ भावनाओं और रिश्तों को भी खूब दिखाया गया है। उन्होंने कहा, “रानी भारती के आदर्शों और राजनीतिक रणनीतियों के बीच बैलेंस बनाना मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती रही है।”
हुमा ने आगे कहा कि इस किरदार से उनका गहरा जुड़ाव हो गया है और वह चाहती हैं कि यह सफर यूं ही आगे बढ़ता रहे।
चौथे सीजन में कई नए चेहरे भी दिखेंगे, जिनमें राजेश्वरी सचदेव और तारे जमीन पर फेम दर्शील सफारी शामिल हैं। इस सीरीज का निर्देशन पुनीत प्रकाश ने किया है, जबकि निर्माण सुभाष कपूर और कांगड़ा टॉकीज प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।
‘महारानी 4’ को 7 नवंबर से सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा।





