
नई दिल्ली। टेस्ला और एक्स के सीईओ एलन मस्क ने कहा है कि उनका नया प्लेटफॉर्म ‘ग्रोकीपीडिया’ (Grokipedia) भविष्य में सटीकता और जानकारी की विश्वसनीयता के मामले में विकिपीडिया से भी आगे निकल जाएगा।
दरअसल, मस्क की एआई कंपनी xAI ने हाल ही में ‘ग्रोकीपीडिया’ नाम का एक नया AI-पावर्ड एनसाइक्लोपीडिया लॉन्च किया है, जो लंबे समय से सबसे भरोसेमंद माने जाने वाले विकिपीडिया का सीधा प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है।
एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर एक यूजर ने ग्रोकीपीडिया को लेकर लिखा,
“हम शायद इसके भविष्य के प्रभाव को कम आंक रहे हैं, यह सिर्फ एक विकी वेबसाइट नहीं है।”
इस पर जवाब देते हुए एलन मस्क ने कहा कि
“ग्रोकीपीडिया भविष्य में सटीकता के मामले में विकिपीडिया से भी बेहतर साबित होगा।”
क्या है ‘ग्रोकीपीडिया’?
मस्क के अनुसार, ग्रोकीपीडिया का उद्देश्य है —
“एक ऐसा ओपन सोर्स प्लेटफॉर्म बनाना जो सभी प्रकार की जानकारियों का एक विश्वसनीय कलेक्शन हो।”
ग्रोकीपीडिया xAI के Grok मॉडल पर आधारित है, जो ऑटोमैटिकली सटीक और तेज़ जानकारी तैयार करता है। यह प्लेटफॉर्म फैक्चुअल, फास्टर और कम बायस्ड कंटेंट देने का वादा करता है।
0.1 वर्जन लॉन्च, जल्द आएगा बेहतर 1.0 अपडेट
फिलहाल ग्रोकीपीडिया का 0.1 वर्जन लाइव है। मस्क का दावा है कि आने वाला 1.0 वर्जन मौजूदा वर्जन से 10 गुना अधिक शक्तिशाली होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा वर्जन भी विकिपीडिया से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
अभी तक प्लेटफॉर्म पर 885,279 से अधिक आर्टिकल उपलब्ध हैं, और कंपनी लगातार इस संख्या को बढ़ाने पर काम कर रही है।
कैसे करें इस्तेमाल?
यूजर्स grokipedia.com वेबसाइट पर जाकर इसका उपयोग कर सकते हैं। फिलहाल यह केवल वेब ब्राउज़र के माध्यम से उपलब्ध है, लेकिन भविष्य में एंड्रॉइड और आईओएस के लिए इसका मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा।
एलन मस्क की डिजिटल इकोसिस्टम में एक और बड़ी चाल
ग्रोकीपीडिया के लॉन्च के साथ मस्क अब AI-संचालित सूचना जगत में भी एक बड़ा कदम रख चुके हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह प्लेटफॉर्म अपने वादों पर खरा उतरता है, तो यह विकिपीडिया की दशकों पुरानी वर्चस्वता को चुनौती दे सकता है।





