
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 के फाइनल मुकाबले को लेकर आईसीसी ने बड़ी घोषणा की है। इस बार का फाइनल अगले महीने ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने विजेता और उपविजेता टीमों के लिए इनामी राशि का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि केवल जीतने वाली टीम ही नहीं, बल्कि हारने वाली टीम पर भी जमकर धनवर्षा होगी।
आईसीसी के मुताबिक, इस बार डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए कुल पुरस्कार राशि 5.76 मिलियन अमेरिकी डॉलर तय की गई है, जो कि पिछले दोनों संस्करणों की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा है। विजेता टीम को 3.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 30 करोड़ 81 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि फाइनल में हारने वाली टीम को 2.16 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 18 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। यह रकम पहले के 1.6 मिलियन डॉलर से कहीं ज्यादा है।
साउथ अफ्रीका ने इस बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे पहले फाइनल में अपनी जगह बनाई। टीम ने पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और श्रीलंका को हराया, जबकि भारत के खिलाफ सीरीज ड्रॉ रही। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
इस मौके पर आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि तीसरा चक्र बेहद रोमांचक रहा और अंत तक यह तय नहीं था कि फाइनल में कौन सी दो टीमें पहुंचेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि लॉर्ड्स में खेला जाने वाला फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होगा और जो टीम लगातार पांच दिन तक बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही इस बार की टेस्ट चैंपियन बनेगी।







