
भोपाल: पाकिस्तान और पीओके में भारतीय सेना द्वारा किए गए एयरस्ट्राइक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर देशभर में सराहना हो रही है। इस अभियान में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस ऑपरेशन का नाम ‘सिंदूर’ रखने का सुझाव दिया था। इस सफलता पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सेना को बधाई दी है।
सीएम मोहन यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, वह होता है। हमारी सेना मां दुर्गा के समान शक्तिशाली है। पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर मुंहतोड़ जवाब देकर सेना ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।”
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ‘सिंदूर’ का नाम ही बताता है कि जो भी देश की माताओं-बहनों के सिंदूर पर बुरी नजर डालेगा, उसे जवाब जरूर मिलेगा। सीएम ने कहा कि यह हमला आतंक के खिलाफ जबर्दस्त प्रहार है और यह दिखाता है कि भारत अब चुप नहीं बैठता।
मोहन यादव ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही कहा था कि जो भारत की तरफ गलत नजर डालेगा, उसे मिटा दिया जाएगा और अब पूरा देश इसका परिणाम देख रहा है।” उन्होंने पीएम मोदी, रक्षा मंत्री और गृहमंत्री समेत सभी को इस सफल ऑपरेशन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सीएम ने यह भी कहा, “हम सब प्रधानमंत्री मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। मध्य प्रदेश की सरकार पूरी मजबूती से उनके हर कदम में साथ है। भारतीय वीरता ने फिर से पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि भारत अपने दुश्मनों को माफ नहीं करता।”






