
1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रेड 2’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की, लेकिन दूसरे दिन इसकी कमाई में 38% की गिरावट दर्ज की गई। वहीं साउथ की दो बड़ी फिल्में ‘हिट 3’ और ‘रेट्रो’ भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं।
‘रेड 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन – दिन 2
राज कुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी ‘रेड 2’ में अजय देवगन, रितेश देशमुख और वाणी कपूर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म ने पहले दिन 19.25 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी, लेकिन दूसरे दिन इसकी कमाई घटकर मात्र 11.15 करोड़ रुपये रह गई। इस तरह दो दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 31 करोड़ रुपये तक पहुंचा है।
‘हिट 3’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन – दिन 2
नानी स्टारर एक्शन थ्रिलर ‘हिट: द थर्ड केस’ ने पहले दिन 21 करोड़ की कमाई की थी, लेकिन दूसरे दिन इसकी रफ्तार भी सुस्त रही। फिल्म ने शनिवार को सिर्फ 10 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे दो दिन का टोटल 31 करोड़ पर जाकर ठहर गया।
‘रेट्रो’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन – दिन 2
साउथ सुपरस्टार सुर्या की फिल्म ‘रेट्रो’ ने भी पहले दिन 19.25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दमदार ओपनिंग ली थी। लेकिन दूसरे दिन फिल्म की कमाई गिरकर 7.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस हिसाब से फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन दो दिन में लगभग 26.75 करोड़ रुपये रहा।
अन्य फिल्मों की स्थिति
इन्हीं के साथ रिलीज़ हुई संजय दत्त की ‘द भूतनी’ और हॉलीवुड फिल्म ‘थंडरबोल्ट्स’ फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही हैं और कोई खास असर नहीं छोड़ पाई हैं।
जहां ‘रेड 2’ और ‘हिट 3’ जैसी बड़ी फिल्मों ने पहले दिन दर्शकों को सिनेमाघरों की ओर खींचा, वहीं दूसरे दिन इनकी कमाई में तेज गिरावट साफ देखी जा सकती है। अब देखना ये होगा कि वीकेंड और आने वाले दिनों में ये फिल्में गिरते ट्रेंड को पलटने में कामयाब हो पाती हैं या नहीं।





