
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अब डिजिटल फ्रंट पर भी स्ट्राइक शुरू कर दी है। भारत सरकार ने पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के सोशल मीडिया अकाउंट पर सख्ती दिखाते हुए बड़ा कदम उठाया है।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तीन स्टार खिलाड़ी – बाबर आज़म, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिजवान के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिए गए हैं। अब भारतीय यूजर्स इन अकाउंट्स को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
पहलगाम हमले के बाद भारत का जवाब
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जबकि कई घायल हुए थे। जांच में इस हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े पाए गए, जिसके बाद भारत सरकार ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
- पाकिस्तान की ओर बहने वाली नदियों का पानी रोका गया
- पाक नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश
- वीज़ा जारी करने पर रोक
- अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कड़ा एक्शन
डिजिटल स्ट्राइक: यूट्यूब के बाद अब इंस्टाग्राम पर भी बैन
पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर्स के यूट्यूब चैनल्स भारत में बंद किए गए थे, जिनसे उन्हें भारी रेवेन्यू मिलता था। अब इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर भी “Account Not Available in India” का संदेश दिखाई दे रहा है।
इस फैसले का असर न सिर्फ उनकी ऑनलाइन पहुंच (reach) पर पड़ेगा, बल्कि आर्थिक नुकसान भी झेलना होगा, क्योंकि इन स्टार्स को सबसे ज्यादा फॉलोअर्स और एंगेजमेंट भारत से ही मिलता था।
सेना को मिली खुली छूट, पाकिस्तान में खलबली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि पहलगाम में मारे गए लोगों का बदला जरूर लिया जाएगा। उन्होंने सेना को खुली छूट दे दी है कि वह अपने तरीके से रणनीति बनाकर कार्रवाई करे।
लगातार उच्चस्तरीय बैठकें हो रही हैं, और पाकिस्तान को यह संदेश साफ है कि इस बार भारत कड़ा जवाब देने के मूड में है। इसी वजह से पाकिस्तान में दहशत का माहौल है।
भारत ने साफ कर दिया है कि सीमा पार से आतंकी गतिविधियों को अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डिजिटल स्ट्राइक इसका हिस्सा है, और आने वाले दिनों में भारत और कड़े कदम उठा सकता है।







