
टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल 2025 के शुरुआती मुकाबले नहीं खेल पाएंगे। इसकी वजह कोई चोट या फिटनेस समस्या नहीं, बल्कि गुड न्यूज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पत्नी अथिया शेट्टी गर्भवती हैं और राहुल इस खास वक्त में परिवार के साथ रहना चाहते हैं। इसी कारण वे दो से तीन मैच मिस कर सकते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को नया कप्तान मिलेगा?
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के लिए अभी तक अपने नए कप्तान की घोषणा नहीं की है। फ्रेंचाइजी ने केएल राहुल को 14 करोड़ रुपये में खरीदा है, जिससे उनके कप्तान बनने की संभावना है। हालांकि, अगर राहुल शुरुआती मैचों में नहीं खेलते हैं, तो अक्षर पटेल टीम की कमान संभाल सकते हैं।
हैरी ब्रूक ने खत्म किया अपना कॉन्ट्रैक्ट
इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने आईपीएल 2025 से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने रविवार (9 मार्च) को इस फैसले की घोषणा की। ब्रूक ने आईपीएल 2024 में भी हिस्सा नहीं लिया था। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब वह इस सीजन में नहीं खेलेंगे।
IPL 2025 की शुरुआत 22 मार्च से
आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च से होगा। पहला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपना पहला मैच 24 मार्च को खेलेगी।







